Road accident in Ani, Kullu: Pickup loaded with apples fell into a 100 meter deep ditch, 2 dead, 2 injured
कुल्लू/आनी – हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के आनी में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सेब से लदी एक पिकअप (नंबर HP95-0776) खैनवी कैंची के पास अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 9 बजे हुआ। पिकअप में कुल्लू के कदैरना निवासी बिदुराम का सेब लदा था, जिसे लाफूघाटी मंडी ले जाया जा रहा था। रास्ते में खैनवी कैंची के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। प्रारंभिक जांच में घनी धुंध और तेज बारिश को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
मृतक और घायल
हादसे में नेपाल निवासी प्रकाश ओली और तिलक बहादुर की मौत हो गई। ड्राइवर संजिव कुमार और दीपक खडगा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। संजीव कुमार का इलाज आनी अस्पताल में चल रहा है, जबकि दीपक खडगा को प्राथमिक उपचार के बाद रामपुर अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में घने कोहरे और बारिश के चलते वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
