Stunt of a tourist from Punjab in Himachal: Driver stood with the door open in a moving car, Solan Police issued a challan
सोलन (हिमाचल प्रदेश):
हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की लापरवाही एक बार फिर चर्चा में है। पंजाब के एक टूरिस्ट का चलती कार में स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर चलती कार का दरवाज़ा खोलकर खड़ा नजर आ रहा है और एक पैर से एक्सीलेटर दबाते हुए गाड़ी चला रहा है।
यह वीडियो सोलन जिले के सलोगड़ा इलाके का बताया जा रहा है और यह करीब तीन दिन पुराना है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए PB-22-Y-0099 नंबर की इस क्रेटा कार के ड्राइवर पर 2500 रुपए का चालान काटा है। जानकारी के मुताबिक, यह गाड़ी पंजाब के फिरोजपुर आरटीओ में रजिस्टर्ड है।
जानलेवा स्टंट से ट्रैफिक में अफरातफरी
वीडियो में देखा जा सकता है कि जब ड्राइवर कार का दरवाजा खोलकर स्टंट कर रहा था, तब पीछे चल रही गाड़ी से एक व्यक्ति कहता है, “यह बंदा एक्सीडेंट करवाएगा, दूसरों की भी जान ले लेगा।” इस स्टंट के चलते फोरलेन पर दूसरे वाहन चालकों में दहशत का माहौल बन गया।
डीएसपी ट्रैफिक अशोक कुमार ने बताया कि यह वीडियो सोलन के सलोगड़ा क्षेत्र का है। मामले की पुष्टि करते हुए उन्होंने कहा कि चालान काटने के साथ मामले को ट्रैफिक रेगुलेशन के तहत दर्ज कर लिया गया है।
लगातार सामने आ रहे हैं टूरिस्ट्स की गैर-जिम्मेदाराना हरकतों के मामले
हिमाचल में टूरिज्म सीजन के साथ-साथ पर्यटकों की लापरवाहियां भी बढ़ती जा रही हैं। स्टंटबाजी, गाड़ियों से बाहर निकलकर सेल्फी लेना, चलती गाड़ी में शराब पीना और अश्लील हरकतों जैसे कई मामले सामने आ चुके हैं।
पिछले कुछ मामलों पर नज़र:
-
हरियाणा की कार में ‘किसिंग’ सीन:
HR-09-G-9072 नंबर की गाड़ी में युवक-युवती सनरूफ से बाहर निकलकर किस करते दिखे। पुलिस ने 4000 रुपये का चालान किया। -
दिल्ली नंबर की कार में शराबखोरी:
DL-10CZ-5714 नंबर की कार में युवक चलती गाड़ी में शराब पीते कैमरे में कैद हुए। पुलिस ने 2500 रुपये का चालान काटा और RLA को ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की। -
सनरूफ सेल्फी:
HR-12-AU-1050 नंबर की गाड़ी में तीन युवक सनरूफ से बाहर निकलकर सेल्फी लेते नजर आए। -
बाइकर्स का हुड़दंग:
16 जून को सोलन में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के बाइकर्स द्वारा डिवाइडर और खड़ी गाड़ी से टक्कर मारकर फरार होने का वीडियो सामने आया। -
20 लाख की कार नदी में उतारी:
दो सप्ताह पहले साधुपुल में एक टूरिस्ट ने अप्लाइड फॉर गाड़ी को नदी में उतार दिया, जिसे बाद में जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया।
पुलिस की अपील
हिमाचल पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे पर्यटन स्थलों पर जिम्मेदार व्यवहार करें और कानून का उल्लंघन कर अपनी और दूसरों की जान को खतरे में न डालें। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और वीडियो फुटेज के आधार पर चालान के साथ ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश भी की जा सकती है।
–– रिपोर्ट: नेशन स्पीक्स
