Four lane riot in Siddhant, flash flood devastates Mandi, 13 drivers and 29 missing
शिमला/मंडी। हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर लगातार जारी है। राजधानी शिमला के ढली क्षेत्र में मंगलवार को निर्माणाधीन फोरलेन का एक बड़ा डंगा भरभराकर गिर गया। लिंडीधार में बनाए गए लगभग 20 से 25 फीट ऊंचे इस डंगे के अचानक ढहने से एक आवासीय मकान को खतरा पैदा हो गया, जबकि स्थानीय किसान के कई सेब के पौधे भी इसकी चपेट में आ गए।
गौरतलब है कि चंडीगढ़-शिमला फोरलेन परियोजना के तीसरे चरण में ऊंचे-ऊंचे डंगे लगाए जा रहे हैं। ढली में जो डंगा गिरा, वह हाल ही में तैयार किया गया था। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मंडी में कहर: 13 शव बरामद, 29 लोग अब भी लापता
मंडी जिले में आपदा का रौद्र रूप सामने आया है। मंगलवार को दो और शव बरामद किए गए, जिससे मृतकों की संख्या 13 तक पहुंच गई है। अभी भी 29 लोग लापता हैं। विशेष रूप से सराज विधानसभा क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित है, जहां 80% से अधिक सड़कें और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। कई गांवों में रेस्क्यू टीमें तीसरे दिन भी नहीं पहुंच पाई हैं।
थुनाग बाजार में हालात बेहद चिंताजनक हैं। यहां 60% से ज्यादा हिस्सा तबाह हो चुका है। बताया जा रहा है कि 2023 की तबाही से भी ज्यादा नुकसान इस बार हुआ है। तीन अलग-अलग नालों के पानी के एक साथ बाजार में पहुंचने से बाढ़ जैसी स्थिति बनी और कई घर-दुकानें बह गईं।

सराज में बादल फटने की 15 घटनाएं, 168 घर तबाह
मंडी जिले में सोमवार रात 12 बजे से मंगलवार सुबह 6 बजे के बीच 15 स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें से 11 घटनाएं अकेले सराज विधानसभा क्षेत्र में हुईं। इससे क्षेत्र में 168 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर, जो सराज के विधायक भी हैं, ने कहा कि डैजी, पखरैर और थुनाग सहित विभिन्न पंचायतों में 350 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने सरकार से राहत और बचाव कार्य तेज करने की मांग की है।
सड़कें बंद, बिजली-पानी बाधित, हेलिकॉप्टर से राहत
राज्य के कई हिस्सों में सड़कों के टूट जाने से रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा आ रही है। सराज विधानसभा के 80 से ज्यादा गांवों में बिजली सप्लाई बंद है और पेयजल लाइनों के बह जाने से लोग पीने के पानी के लिए भी तरस रहे हैं। प्रभावित क्षेत्रों में हेलिकॉप्टर से खाद्य सामग्री पहुंचाई जा रही है।
मनाली में सोलंग नाला के पास फ्लैश फ्लड, हाईवे बंद
मनाली के सोलंग नाला में स्नो गैलरी के पास रात 12 बजे फ्लैश फ्लड आया, जिससे मनाली-केलांग हाईवे पूरी तरह बंद हो गया है। BRO की टीमें सड़क बहाली के कार्य में जुटी हैं।
अब तक का नुकसान: 370 लोग रेस्क्यू, सैकड़ों घर तबाह
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) के मुताबिक:
-
अब तक 370 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है।
-
168 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त।
-
104 गोशालाएं, 162 मवेशी, 31 वाहन, 14 पुल और 1 पावर प्रोजेक्ट फ्लैश फ्लड में बह चुके हैं।
फिर से भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर और हमीरपुर जिलों के लिए अगले 24 घंटे तक फ्लैश फ्लड अलर्ट जारी किया है।
-
5 जुलाई को 3 जिलों में
-
6 जुलाई को 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
-
आज और कल के लिए यलो अलर्ट लागू है।
यह स्थिति लगातार बिगड़ रही है। सरकार और प्रशासन की कोशिशें जारी हैं, लेकिन भारी बारिश के चलते राहत कार्यों में कई जगहों पर देरी हो रही है।
