मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने ‘प्रगतिशील हिमाचलः स्थापना के 75 वर्ष’ समारोहों की कड़ी में आज हमीरपुर जिले के सुजानपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सुजानपुर बस स्टैंड के सुधार और सुजानपुर में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह के लिए 50-50 लाख रुपये का प्रावधान करने तथा सुजानपुर में सब जज कोर्ट खोलने की घोषणा की
मुख्यमंत्री ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 51.08 करोड़ रुपये की 9 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए।
मुख्यमंत्री ने सुजानपुर में 12.63 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मिनी सचिवालय भवन, सुजानपुर के निकट पुंग खड्ड पर 11.39 करोड़ रुपये की लागत से बने पुल, उहल में 1.68 करोड़ रुपये के विश्राम गृह, पशु चिकित्सा अस्पताल सुजानपुर 58 लाख रुपये, पुरली-ज्याणा-कुजाबल्ह मार्ग पर बाकर खड्ड पुल 4.25 करोड़ रुपये और ख्याह-भटेरा-ठकलाना मार्ग पर पुंग खड्ड पर 2.23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुल का लोकार्पण किया।
जय राम ठाकुर ने उटपुर में 10.20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र भवन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन चबूतरा 3.45 करोड़ रुपये और दाड़ला में 4.67 करोड़ रुपये से बनने वाले हेलीपैड की आधारशिला भी रखी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि विगत 75 वर्षों के दौरान हिमाचल प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत के विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर केंद्रीय सूचना और प्रसारण, युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त, दूरदर्शी और गतिशील नेतृत्व में भारत ने पिछले 8 वर्षों के दौरान विश्व पटल पर अपना पुराना गौरव और उच्च स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि के कारण अब गुलामी के प्रतीक राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में यही नया और जीवंत भारत है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की 5वीं सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। केंद्र सरकार का आठ वर्ष का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है और इस दौरान भ्रष्टाचार का एक भी मामला सामने नहीं आया।
