The family returned after the grandfather’s funeral pyre, but the grandson died midway.
शिमला(SHIMLA) हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। दादा का अंतिम संस्कार कर लौट रहे युवक की पहाड़ी से गिरकर मौत हो गई। हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, झाखड़ी गांव के 36 वर्षीय लक्की वर्मा मंगलवार को अपने वृद्ध दादा मस्त राम का अंतिम संस्कार कर रिश्तेदारों के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पांव फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से वह बुरी तरह घायल हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें आईजीएमसी शिमला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लक्की वर्मा एक जाने-माने सोशल वर्कर थे। वे क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर हमेशा प्रशासन के समक्ष आवाज उठाते रहे। उनके निधन की खबर से ठियोग क्षेत्र में शोक की लहर है। पूर्व विधायक राकेश सिंघा और वर्तमान विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने लक्की के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
दुखद संयोग यह है कि बीते सोमवार को दादा का निधन हुआ, मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार हुआ, और अब बुधवार को उसी स्थान पर पोते की चिता जलेगी।
लक्की के पिता लायक राम, जो भारतीय सेना से रिटायर हैं, अपने इकलौते बेटे के असमय निधन से टूट गए हैं। लक्की अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो शादीशुदा बहनों को छोड़ गए हैं।
