Chintpurni : निर्वाचन साक्षरता क्लब के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय धलवाडी में ” सशक्त मतदाता, सशक्त लोकतन्त्र ” विषय पर विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गयीं। पाठशाला शिक्षक सुमित भारद्वाज ने बताया कि विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया व मतदान का महत्व समझाने के लिए पाठशाला में वाद विवाद , चर्चा परिचर्चा एवं प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियाँ अयोजित की गयीं।
सशक्त लोकतंत्र की स्थापना जागरूक मतदाताओं द्वारा ही सुनिश्चित
मुख्याध्यापक सुधीर गौतम ने अपने सम्बोधन में कहा कि सशक्त लोकतंत्र की स्थापना जागरूक मतदाताओं द्वारा ही सुनिश्चित होती है । इसलिए प्रत्येक मतदाता का यह कर्तव्य है कि वह बिना प्रलोभन के मतदान करे तथा मतदान को अतिआवश्यक समझे। इस मौके पर बूथ लेवल अधिकारी वीना शर्मा ने भी विद्यार्थियों को निर्वाचक नामावली निर्माण, नये वोट बनाने, वोट निरस्त करने व नामावली में संशोधन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
विद्यार्थियों से सहयोग का आह्वान किया
सुपरवाईजर हरीश कालिया ने भी विद्यार्थियों को निर्वाचक नामावलियों के पुनर्निरीक्षण की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों से सहयोग का आह्वान किया। इस मौके पर पाठशाला शिक्षक वर्ग से रजनी सरोच, विनोद शर्मा, लालचंद, मित्तन शास्त्री, सोनू देवी, सीमा रेखा, विनोद कुमार आदि भी उपस्थित रहे।
