जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य पर हिमाचल प्रदेश के जनजातीय उपमंडल काजा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा जी की जयंती मनाई। कार्यक्रम के अवसर पर माल्यार्पण कर उनको नमन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिरसा मुंडा अमर रहें एवं भारत माता की जय के नारे भी लगाए। इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति प्रदेश उपाध्यक्ष लोबजंग ज्ञालसन, भाजपा लाहौल-स्पीति जिलाध्यक्ष राजेंद्र बौद्ध, भाजपा स्पीती मण्डल अध्यक्ष राकेश कुमार, भाजपा अनुसूचित जनजाति जिला अध्यक्ष रिंगजीन, भाजयुमो मण्डल अध्यक्ष टकपा तन्जिन, भाजपा अनुसूचित जनजाति जिला अध्यक्ष रिंगजीन सहित भाजपा युवा मोर्चा मण्डल व जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बिरसा मुंडा को देश भर के आदिवासी समुदायों द्वारा भगवान के रूप में सम्मानित किया जाता है। प्रदेश जनजातीय उपाध्यक्ष लोबजंग ज्ञालसन ने कहा कि बिरसा मुंडा एक प्रतिष्ठित स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और देश के श्रद्धेय आदिवासी नेता थे। बिरसा मुंडा का जीवन शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है। अपने कार्य से और अपनी सोच से उन्होंने समाज को एक नई दिशा दी। भाजपा लाहौल-स्पीति के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र बौद्ध ने कहा कि ऐसे देश के महान सपूत जननायक भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन है और स्पीति वासियों को जनजातीय गौरव दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
