11,980 फीट की ऊंचाई पर स्थित जनजातीय जिला लाहौल स्पीति के काज़ा आइस हॉकी रिंक में अंतराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। आयुष विभाग की ओर से आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान आयुष विभाग के डॉ विवेक और प्रशिक्षक डॉ विनोद ने योग क्रियाएं करवाई।
योग दिवस के अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग करने से आपका मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य ठीक रहता है। रोजाना योग करना आपको कई बीमारियों से भी लड़ने में मदद करता है।योग दिवस का महत्व लोगों के बीच मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए योग को बढ़ावा देना है। आज के जमाने में वृद्ध ही नहीं युवा भी कई तरह की बीमारियों से पीड़ित हैं।
इसके चलते लोगों को स्वस्थ रखने के लिए यह एक अच्छा प्रयास है। यही नहीं इससे लोगों का मानसिक और शारीरिक कल्याण भी संभव है। योग की खोज बहुत साल पहले भारत में ही हुई थी। तब ऋषि-मुनियों ने इसकी महत्वता को समझा था और इसका प्रसार किया था। योग करने से न केवल आपको शारीरिक रूप से शांति मिलेगी बल्कि यह आपके स्ट्रेस और घबराहट को भी कम करने में मददगार साबित होगा। योग दिवस मनाने का कारण लोगों को यह भी बताना है कि इसे करने से शरीर को अनेक प्रकार के लाभ होते हैं।
