भारत के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण नेशनल क्रिकेट एकेडमी हेड के बने रहेंगे। बीसीसीआई ने उनका कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है। लक्ष्मण को सौरव गांगुली ने बीसीसीआई का प्रेजिडेंट रहते साल 2021 में बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी की कमान सौंपी थी। उनका तीन साल का अनुबंधन इस सितंबर तक ही था। अब लक्ष्मण कम से कम एक साल और इस अहम पद पर बने रहेंगे। इससे पहले चर्चा थी कि लक्ष्मण को एक आईपीएल फ्रेंचाइजी ने हेड कोच पोस्ट ऑफर की है, जिसे लेकर वह भी काफी उत्साहित हैं।
वीवीएल लक्ष्मण को एनसीए में दिग्गज भारतीय कोचिंग टीम की सहायता मिलने की संभावना है, जिसमें शितांशु कोटक, साईराज बहुतुले और हृषिकेश कानिटकर जैसे बड़े नाम शामिल हैं। लक्ष्मण के अनुबंध का विस्तार बेंगलुरु के बाहरी इलाके में एक नए अत्याधुनिक एनसीए परिसर के उद्घाटन से पहले हुआ है, जिसकी नींव जनवरी 2022 में रखी गई थी, ये जमीन कर्नाटक सरकार ने 99 साल की लीज पर दी है।
