हिमाचल प्रदेश के कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा की गाड़ी पर अज्ञात लोगों ने हमला किया है। इस हमले में विधायक बाल-बाल बच गए, जबकि शातिरों ने लोहे की रॉड मारकर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए हैं। बाइक सवार दोनो शातिर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए हैं। विधायक विवेक शर्मा ने होशियारपुर पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके हमला करने वालों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा वीरवार देर शाम अपनी गाड़ी में सवार होकर पंजाब राज्य के जालंधर से अपने घर वापस आ रहे थे कि होशियारपुर शहर से निकलने के बाद दो युवक उनकी गाड़ी का पीछा करने लगे।
इसके बाद आरोपितों ने अपनी बाइक आगे लगा दी और एक युवक ने बाइक से उतरकर विवेक शर्मा की गाड़ी के पिछले शीशे पर लोहे की राड मार दी। जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए। शातिर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए हैं।
