Former CM Dhumal’s former driver shot himself in Kullu, died on the spot.
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 64 वर्षीय व्यक्ति ने सोमवार सुबह अपनी ही पिस्टल से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान शांति स्वरूप के रूप में हुई है, जो पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के ड्राइवर रह चुके थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, जबकि आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
सुबह घर में चली गोली, मौके पर ही मौत
जानकारी के अनुसार, शांति स्वरूप कुल्लू के रायसन के विहाल क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहते थे। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे उन्होंने घर में अपनी पिस्टल से सिर में गोली मार ली। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
पत्नी ने दी पुलिस को सूचना
घटना के वक्त शांति स्वरूप की पत्नी बीना देवी घर पर मौजूद थीं। जब वह उन्हें खाने के लिए बुलाने कमरे में पहुंचीं, तो पति को लहूलुहान हालत में गिरा हुआ पाया।
उन्होंने तुरंत पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि उसी समय आसपास के बच्चे पटाखे फोड़ रहे थे, जिससे परिवार को गोली चलने की आवाज पटाखे की तरह लगी। बाद में जब कमरे में गए, तो घटना का पता चला।
सेवानिवृत्त कर्मचारी थे शांति स्वरूप
मृतक शांति स्वरूप वर्ष 2020 में सचिवालय से सेवानिवृत्त हुए थे। इससे पहले वह 2007 से 2012 तक पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के निजी चालक के रूप में कार्यरत रहे थे।
फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर मृत्यु के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच जारी
कुल्लू पुलिस ने बताया कि आत्महत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल को कब्जे में लिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
शांति स्वरूप की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।
