Suspicious death of prisoner in Nahan jail, sentence to be completed in March 2026
नाहन | सिरमौर जिला
प्रदेश की प्रसिद्ध केंद्रीय आदर्श कारागार नाहन में सोमवार सुबह एक कैदी की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल निवासी 46 वर्षीय पपेंद्र के रूप में हुई है। पपेंद्र एनडीपीएस एक्ट के तहत सजा काट रहा था।
अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह कैदी पपेंद्र की अचानक तबीयत खराब हो गई। साथी कैदियों ने इसकी सूचना जेल प्रशासन को दी, जिसके बाद उसे बेहोशी की हालत में जेल डिस्पेंसरी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर कैदी को मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पिछले महीने ही मंडी जेल से शिफ्ट हुआ था
मिली जानकारी के अनुसार पपेंद्र पहले जिला मंडी की जेल में अंडर ट्रायल था। पिछले महीने ही सजा होने के बाद उसे नाहन केंद्रीय कारागार में शिफ्ट किया गया था। बताया जा रहा है कि वह शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता था और अन्य कैदियों को भी फिट रहने के लिए प्रेरित करता था।
उसकी सजा मार्च 2026 में पूरी होनी थी।
जांच के आदेश, मजिस्ट्रेट जांच भी शुरू
घटना के बाद जेल प्रशासन ने तुरंत जिला पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, जेल प्रशासन ने भी कैदी की मृत्यु के मामले को मजिस्ट्रेट जांच के तहत लिया है।
एएसपी सिरमौर ने की पुष्टि
मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर योगेश रोल्टा ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की वास्तविक जानकारी सामने आ सकेगी।
