SDM Una Sadar will marry the rape victim, got anticipatory bail from the High Court
शिमला: हिमाचल प्रदेश के ऊना सदर के एसडीएम विश्व मोहन देव चौहान पर रेप का आरोप लगाने वाली ताइक्वांडो खिलाड़ी युवती ने अब उन्हीं से शादी करने की बात कही है। इस मामले में सोमवार को हाईकोर्ट के जस्टिस राकेश कैंथला की कोर्ट में सुनवाई हुई।
सुनवाई के दौरान पीड़िता खुद कोर्ट में पेश हुई और बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है। परिवारों की सहमति से शादी कराने पर सहमति बनी है, इसलिए अब वह यह मामला आगे नहीं बढ़ाना चाहती।
वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कोछर ने अदालत को सूचित किया कि पीड़िता का बयान स्वेच्छा से और सही तरीके से दिया गया है।
हाईकोर्ट ने दी अग्रिम जमानत
कोर्ट के आदेश के अनुसार, याचिकाकर्ता एसडीएम को ₹25,000 के मुचलके पर अंतरिम जमानत दी गई है। अदालत ने आरोपी को निर्देश दिया है कि वह पुलिस जांच में पूरा सहयोग करें और जांच अधिकारी के समक्ष आवश्यकतानुसार उपस्थित हों।
अब इस मामले की अगली सुनवाई 16 अक्टूबर को होगी, जिसमें पुलिस को जांच की स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करनी है।
15 दिन तक भूमिगत रहे थे SDM
इस मामले में आरोपी एसडीएम पिछले 15 दिनों से फरार थे। 23 सितंबर को ऊना जिले की महिला खिलाड़ी ने उन पर कोर्ट रूम में ही रेप के आरोप लगाए थे।
पीड़िता ने कहा था कि 20 अगस्त को एसडीएम ने उसे सरकारी गेस्ट हाउस में बुलाकर शारीरिक संबंध बनाए और शादी का वादा किया, लेकिन बाद में मुकर गए।
पुलिस ने मामला दर्ज किया, लेकिन आरोपी फरार हो गए। उनकी ऑडी कार जब्त की गई थी, पर पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई थी।
अब समझौते के बाद मिली राहत
लंबी कानूनी प्रक्रिया और फरारी के बाद अब एसडीएम को राहत मिली है। पीड़िता द्वारा समझौते और शादी की बात रखने के बाद कोर्ट ने उन्हें अग्रिम जमानत दे दी है।
हालांकि, पुलिस को अब भी इस मामले में पूरी जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करनी होगी।
