Himachal’s tourism business is back on track after the disaster
SHIMLA: हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान हुई भारी तबाही के बाद अब पर्यटन कारोबार दोबारा पटरी पर लौटने लगा है। राजधानी शिमला सहित ऊंचाई वाले इलाकों में हाल ही में हुई बारिश और सीजन की पहली बर्फबारी ने ठंड बढ़ा दी है।
अक्टूबर की शुरुआत में ही तापमान गिरने से सैलानियों की आमद में तेजी आई है। पर्यटन कारोबारियों के चेहरों पर भी अब राहत और उम्मीद की चमक दिख रही है।
पंजाब से आए सैलानियों ने कहा – शिमला का मौसम दिल जीत ले गया
पंजाब से आए मोहित गोयल ने कहा कि शिमला में मौसम बेहद खुशनुमा है।
“पंजाब में इस समय गर्मी काफी है, लेकिन यहां ठंडी हवाएं और शांत वातावरण बहुत सुकून दे रहे हैं। शिमला आकर बहुत अच्छा लग रहा है, मौसम बेहतरीन है।”
वहीं सलोनी गोयल, जो पहली बार शिमला आई हैं, ने कहा कि यहां का मौसम उनकी उम्मीद से कहीं ज्यादा ठंडा है।
“सोचा था हल्की ठंड होगी, लेकिन यहां ठंड काफी ज्यादा है। फिर भी बहुत अच्छा लग रहा है, हमने मौसम और शिमला की खूबसूरती दोनों का खूब आनंद लिया।”
“शिमला हर मौसम में खास” – कोलकाता के पर्यटक
कोलकाता से आए स्नेह आशीष विश्वास ने बताया कि वे तीसरी बार शिमला घूमने आए हैं।
“शिमला में हर बार कुछ नया अनुभव मिलता है। इस बार ठंड उम्मीद से ज्यादा है, लेकिन हम इस मौसम को एंजॉय कर रहे हैं। यहां का माहौल हमेशा सुकून भरा रहता है।”
पर्यटन कारोबारियों में लौटी उम्मीद
स्थानीय पर्यटन कारोबारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि इस बार सीजन जल्दी शुरू हो गया है, जिससे कारोबारियों में उत्साह है।
“आपदा के चलते पिछले तीन महीने पर्यटन पूरी तरह ठप था। लेकिन अब बर्फबारी के साथ सैलानी लौटने लगे हैं। हमें उम्मीद है कि इस बार का विंटर सीजन कारोबार के लिहाज से बेहतरीन रहेगा।”
ठंड बढ़ी, सैलानियों की भीड़ बढ़ी
अक्टूबर की शुरुआत में ही हुई बारिश और बर्फबारी ने हिमाचल में सर्दियों की दस्तक दे दी है। राजधानी शिमला में तापमान गिरने से होटलों में बुकिंग बढ़ने लगी है, और स्थानीय कारोबार फिर से रफ्तार पकड़ने लगा है।
आपदा के बाद सन्नाटा झेल चुके पहाड़ अब फिर से मुस्कुरा रहे हैं। बर्फ से ढकी वादियाँ, ठंडी हवाएँ और सैलानियों की चहल-पहल — हिमाचल फिर से अपने पुराने रंग में लौटता दिख रहा है।
