धर्मशाला नगर निगम की डंपिंग साइट सुधेड़ के लोगों के लिए बनी आफत

धर्मशाला नगर निगम की एचआरटीसी वर्कशॉप के करीब बनाई गई डंपिंग साइट सुधेड़वासियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि डंपिंग साईट की वजह से फैल रही गंदगी व दुर्गंध से आसपास के गांव व शहर के लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। इतना ही नहीं, गर्मियों में लोगों की यह समस्या और भी विकराल हो जाती है और इस डंपिंग साईट पर आग लगने से जहरीली गैस निकलती है।

जिस कारण लोगों का साँस लेना तक मुश्किल हो जाता है। लोगों का कहना है कि धर्मशाला के कूड़े-कचरे को शाहपुर विधानसभा की सुधेड़ पंचायत में डंप किया जा रहा है, जबकि यहां की हजारों की आबादी इस गंदगी की चपेट में आ रही है । उनकी जिंदगी में ये कूड़ा ज़हर घोल रहा है. सुबह-शाम गंदी हवा महामारी को बढ़ा रही है। गांवों में बीमारियां फैल रही हैं. बच्चे-बुजुर्ग बीमार हो रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन और नगर निगम को बार-बार चेताने पर भी गांव के लोगों की समस्या का स्थाई हल नहीं किया जा रहा है ।

सुधेड़ के ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें भी जीने का हक है। कई सालों से कूड़े-कचरे के ढेरों से गंदगी रिसकर उनके घरों तक पहुंच रही है। यहां तक कि पानी के स्रोत भी दूषित हो गए हैं। कूड़े के ढेरों में आग लगने पर उनका सांस लेना मुश्किल हो जाता है। साथ ही इसकी वजह से उन्हें त्वचा संबंधी रोग भी हो रहे है। ग्रामीणों का कहना है कि नगर निगम कि डंपिंग साईट में कई मरे हुए जीव जंतुओं को भी फेंका जाता है। जिससे अक्सर गीद यहां पर मंडराते रहते हैं जो लोगों पर कई बार हमला भी कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *