16 दिसम्बर को विदेश गई 25 वर्षीय पवना कुमारी का आज दिन तक नहीं मिल पाया कोई सुराग

16 दिसम्बर को विदेश गई 25 वर्षीय पवना कुमारी का आज दिन तक नहीं मिल पाया कोई सुराग

शाहपुर के कुठारना से 16 दिसम्बर को विदेश गई 25 वर्षीय पवना कुमारी का आज दिन तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। ऐसे में आज पीड़ित परिवार की ओर से पवना के भाई रोहित कुमार ने भाजपा नेता कमल शर्मा की अगुवाई में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ मुलाकात की और अपनी बहन के साथ हुई धोखाधड़ी को उनके समक्ष रखा। रोहित ने बताया कि उनकी बहन ने जिस एजेंट से वीजा लगवाया था वो दुबई का था। मगर उन्हें ओमान भेज दिया गया। जहां से उन्हें उनकी बहन का वॉइस मेसेज मिला था और उसने अपनी आपबीति सुनवाई।

सब एजेंट की मिलीभगत

उन्होंने इस मैसेज के जरिये बताया कि ये सब एजेंट की मिलीभगत है। उन्हें ओमान एयरपोर्ट से करीब 10 किलोमीटर दूर रखा गया है। साथ ही उनके साथ 7 से 8 युवतियां और भी हैं। रोहित ने बताया कि उनकी बहन ने इस बाबत एजेंट को जानकारी साझा न करने की बात कही थी। इसलिए क्योंकि अगर उन्हें पता चल जाता तो वो उन्हें और प्रताड़ित कर सकते हैं और फोन आदि भी नहीं मिलेंगे। हालांकि एजेंट को ASP हितेश लखनपाल ने पूछताछ के दौरान पवना की मेरे साथ बातचीत का हवाला देकर ही पूछताछ की थी। जिसके बाद अब उन्हें कोई मैसेज नहीं आया है। आज उन्होंने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की है और उन्होंने हर हाल में मदद का आश्वासन दिया है।

वहीं कमल शर्मा ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को मेल के माध्यम से इस बाबत जानकारी साझा की थी। जिन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुये विदेश मंत्रालय को इस पर संज्ञान लेने के लिये कह दिया था।

मोदी सरकार मददगार : अनुराग ठाकुर

वहीं केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि बीते 10 सालों में भारत की मोदी सरकार मददगार बनी है। कल तक भारत मदद मांगने वालों में से था आज मदद देने वालों की सूची में शुमार है, चाहे ऑपरेशन गंगा हो या अन्य हर हाल में हम मददगार साबित हुए हैं ठीक इसी तर्ज पर विदेशों में फंसे भारतीयों को भी हर हाल में वापस लाना सकुशल बचाकर लाने में भी हम कामयाब हुये हैं, आज जो जानकारी हमें प्राप्त हुई है उस दिशा में भी हमने सार्थक कदम आगे बढ़ाए हैं जल्द ही उन्हें इसमें भी कामयाबी मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *