हिमाचल प्रदेश की नई कार्यकारी DGP सतवंत अटवाल को बनाया गया है। वहीँ हिमाचल सरकार ने DGP संजय कुंडू को पद से हटा दिया है। हिमाचल हाईकोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। मंगलवार सुबह ही इस बारे में CM सुखविंदर सुक्खू की अगुआई वाली कांग्रेस सरकार ने यह फैसला लिया।
DGP कुंडू पर कारोबारी पर गुरुग्राम में हमले के बाद उन्हें धमकाने के आरोप लगे थे। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो कारोबारी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इस मामले में हाईकोर्ट के कांगड़ा की एसपी शालिनी अग्निहोत्री को भी हटाने के आदेश हैं लेकिन उस पर सरकार का कोई फैसला नहीं आया है।
संजय कुंडू की जगह 1996 बैच की IPS अफसर सतवंत अटवाल को कार्यकारी DGP लगाया गया है। सतवंत के पास मौजूदा समय में स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो और CID में ADGP का कार्यभार है। कुंडू को आयुष विभाग में प्रिंसिपल सेक्रेटरी लगाया गया है।
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि संजय कुंडू को हटाया नहीं पदोन्नत किया है। वह इस मामले में कुछ कहना नहीं चाहते, लेकिन उनके खिलाफ आई शिकायत को लेकर सरकार ने हाईकोर्ट के आदेशों का पालन किया है। संजय कुंडू ने 35 साल तक प्रदेश की सेवा की है। उनकी छवि स्वच्छ है। मामले की निष्पक्ष जांच हो, वहीँ कुंडू को DGP के पद से हटाकर अब प्रधान सचिव लगाया है।
