तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बारिश ने तबाही मचा रखी है। दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते 24 लोगों ने अपनी जान गवां दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी से बात की है. केंद्र सरकार ने दोनों राज्यों से बारिश और बाढ़ से निपटने के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है.
जलभराव के कारण रविवार को सड़क और रेल यातायात अवरूद्ध हो गया। दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) के एक अधिकारी ने बताया कि भारी बारिश और कई स्थानों पर पटरियों पर जलभराव होने के कारण 99 ट्रेनें रद्द कर दी गईं और चार ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द कर दी गईं, जबकि 54 ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा- 1998 के बाद ऐसी बाढ़ आई है। 17 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। सबसे ज्यादा हालात विजयवाड़ा में खराब हैं। यहां कुछ इलाकों में 10 फीट तक पानी भरा है। शहर में 2.76 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। उधर, तेलंगाना में बाढ़-बारिश से तेलंगाना में 24 घंटे में 9 लोगों की मौत हुई है।
सूर्यपेट, भद्राद्री कोठागुडेम, महबूबाबाद और खम्मम जिले बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। खम्मम के 110 गांव पूरी तरह से पानी में डूबे हैं। हैदराबाद में आज सभी स्कूलों को बंद रखा गया है।
