दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी के एक्स’ पर लिखे पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि आज CM आवास पर तिरंगा नहीं फहराया गया। बहुत अफसोस रहा। यह तानाशाही एक चुने हुए मुख्यमंत्री को जेल में रख सकती है, लेकिन दिल में देशप्रेम को कैसे रोक पाएगी।
बीते कई सालों से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में झंडा फहराते आए हैं लेकिन इस बार जेल में बंद होने के कारण उनकी जगह दिल्ली सरकार के गृहमंत्री कैलाश गहलोत को जिम्मेदारी सौंपी गई। इस बीच उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
वहीं आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया के जरिए कहा है कि ‘आज स्वतंत्रता दिवस है, जब 1947 में भारत को अंग्रेजों की तानाशाही से आज़ादी मिली। सैंकड़ों स्वतंत्रता सैनानियों ने लाठियां खाईं, जेल गए और अपनी जान की कुर्बानी दी – हमें यह आज़ादी दिलवाने के लिए। उनके सपनों में भी ऐसा विचार नहीं आया होगा कि एक दिन, आज़ाद भारत में, एक चुने हुए मुख्यमंत्री को झूठे मुक़द्दमे में फँसा कर महीनों तक जेल में रखा जाएगा। आइये इस स्वतंत्रता दिवस पर हम ये प्रण लेते हैं कि आख़िरी साँस तक तानाशाही के ख़िलाफ़ लड़ते रहेंगे।’
