गलोड़ निवासी व्यक्ति से 5 लाख 34 हजार की ऑनलाइन ठगी के मामले को हमीरपुर पुलिस ने पांच दिन में सुलझा दिया है। साइबर फ्राड का शिकार व्यक्ति को पुलिस के माध्यम से यह पैसा वापस मिल गया है। कस्टम में ड्रग और हवाला के पैसों और आंतकी गतिविधियों संलिप्तता होने का डर दिखाकर यह ठगी 24 जुलाई को अंजाम दी गई थी .
ठगी के लिए शातिरों ने ऐसा जाल बुना किया पढ़े लिखे गलोड़ निवासी बाल चंद राजपूत उनके झांसे में आ गए और अपनी पांच लाख 34 हजार की एफडी तोड़ कर शातिर के खाते में चैक लगा दिया। इस मामले में जब बाल चंद को ठगी का शक हुआ तो उन्होंने हमीरपुर पुलिस को इस विषय पर सूचित किया। एसपी हमीरपुर भगत सिंह की ओर से यह केस साइबर यूनिट हमीरपुर टीम को सौंपा गया।
इस केस को साइबर पोर्टल पर अपलोड किया गया। जिसके तुरंत बाद साइबर यूनिट ने कार्रवाई करते हुए जिस खाते में पैसा डाला गया था उन खातों को फ्रिज कर दिया गया। इन खातों से यह पैसा अन्य खातों में भेज दिया गया था, लेकिन पुलिस ने सभी खातों को फ्रिज कर दिया।
हमीरपुर पुलिस की साइबर यूनिट के गठन के बाद टीम को यह पहला केस दिया गया था। इस टीम में एएसआई अमी चंद, कांस्टेबल दीपक कुमार और रोहिन शर्मा शामिल रहे। इस यूनिट ने अपने पहले ही केस को पांच दिन में क्रैक कर पैसा वापस पीड़ित को लौटा दिया है।
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ने कहा कि साइबर टीम ने अच्छा कार्य किया है। इस तरह के मामलों में सभी लोग सतर्कता बरतें और साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
