केरल में भूस्खलन से हुई तबाही ने हर एक आँख को नम कर दिया है। वायनाड में राहत-बचाव का कार्य जारी है और मलबे के नीचे से लोगों को बाहर निकाला जा रहा है. कुछ लोगों की किस्मत अच्छी रही है कि उन्हें बचाव में जुटे कर्मियों ने जिंदा ही बाहर निकाला है, जबकि कुछ इतने खुशकिस्मत नहीं रहे हैं. वायनाड में रेस्क्यू ऑपरेशन का शनिवार को चौथा दिन है. वायनाड के चूरमाला में एनडीआरएफ लेकर सेना के जवान तक लोगों को बचाने के काम में जुटे हुए हैं.
रेस्क्यू टीम अडवांस्ड टेक्निकल उपकरणों और खोजी कुत्तों के जरिए लोगों को जिंदा ढूंढ रही है. इस दौरान बड़ी तादाद में लोगों के शव भी बरामद किए जा रहे हैं. केरल में पिछले कुछ सालों में आई ये सबसे भयानक आपदा रही है. केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने फेसबुक पोस्ट में कहा है कि रडार को मलबों के नीचे कुछ हरकतें नोटिस हुई हैं, जो लोगों के जिंदा होने के सबूत हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि अभी तक वायनाड में हुए भूस्खलन को लेकर क्या अपडेट्स हैं.
वायनाड भूस्खलन में अब तक 358 लोगों की मौत हो चुकी है. 214 लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि 187 लोगों को अस्पताल से इलाज के बाद डिस्चार्ज किया गया है. हालांकि, अभी भी भूस्खलन के बाद 300 के करीब लोग लापता हैं. उम्मीद की जा रही है कि ये लोग अभी जिंदा हों.
आईएमडी ने शनिवार के लिए वायनाड का मौसम अपडेट भी जारी कर दिया है. विभाग ने बताया है कि वायनाड में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश भी होने वाली है. भारी बारिश की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा भी पैदा हो गई थी. हालांकि, बारिश रुकने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन तेज किया गया है.
