हिमाचल में लगातार बादल फटने की खबरे सामने आ रही है। कुल्लू व शिमला में मची तबाही के बाद अब लाहौल स्पीति के काजा (Kaza) की पिन वैली (Pin Valley) में बादल फटा है. इस बादल के फटने से एक महिला की मौत हो गई है, जबकि कार और अन्य संपति को काफी नुकसान हुआ है. शुक्रवार शाम की यह घटना है. मौके पर प्रशासन पहुंचा हुआ था और राहत और बचाव अभियान चलाया गया.
जानकारी के अनुसार, स्पीती के काजा के फुकचुक, सगनम टैक्पो और सगनम गांव में बादल फटा और फिर फ्लैश फ्लड आ गयान. फ्लैश फ्लड की चपेट में गांव की महिला और कार आ गई. इस कारण महिला की मौत हो गई. मृतक की पहचान 51 वर्षीय महिला के तौर पर हुई है. यहां पर बस स्टैंड के पास एक कार भी फ्लैश फ्लड की चपेट में आ गई.
लाहौल स्पीति जिला आपदा प्रबंधन की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार, एडीसी काजा और आईटीबीपी के जवानों ने मौके पर सर्च ऑपरेशन चलाया था. फिलहाल, जल शक्ति विभाग की तरफ से सगनम गांव में पानी के पाइपें जोड़ कर पेयजल की व्यवस्था कर दी है और शनिवार सुबह से राहत और बचाव का काम शुरू हुआ है. मौके पर जेसीबी भेजी गई है. एडीसी काजा ने बताया कि येशी जागमो नाम की महिला की मौत हुई है. उसका शव बरामद कर लिया गया है. फ्लैश फ्लड से इलाके की कृषि भूमि को भी नुकसान हुआ है.
