हिमाचल में हो रही बारिश ने अपना कहर मचाया हुआ है। बारिश के चलते जगह-जगह पर भूस्खलन की खबरें सामने आ रही है। इसी के चलते पांवटा साहिब-शिलाई हाईवे 707 भूस्खलन के चलते करीब 12 घंटे तक यातायात के लिए बंद रहा। जानकारी के अनुसार हैवणा के पास शनिवार रात मूसलाधार बारिश के बाद भूस्खलन हो गया, जिससे सड़क रात 12 बजे से बंद हो गई।
भूस्खलन के कारण रास्ते में फंसी टमाटर से भरी गाड़िया और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रातभर मलबा हटाने का प्रयास जारी रहा, लेकिन पहाड़ी से गिरते पत्थरों की वजह से कार्य में बाधाएं आती रहीं। रविवार दोपहर करीब 12 बजे एनएचएआई की संबंधित कंपनी ने पोकलेन मशीनें लगाकर मलबा हटाया और सड़क को वाहनों के लिए बहाल किया।
सड़क बंद रहने के कारण टमाटर से भरी गाड़ियां समय पर सब्जी मंडी नहीं पहुंच पाईं, जिससे किसानों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ। एनएचएआई के सहायक अभियंता सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही मशीनें भेजकर सड़क खोलने के निर्देश दिए गए और दोपहर 12 बजे के आसपास नैशनल हाईवे को वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है।
