फिलफाॅट फोरम की 35वीं प्रतियोगिता अभिनय-2023 सम्पन्न 

फिलफाॅट फोरम की 35वीं प्रतियोगिता अभिनय-2023 सम्पन्न

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री डाॅ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि संगीत जीवन का स्पंदन है और संगीत ही मनुष्य को तनाव से मुक्त रखता है। डाॅ. शांडिल गत देर सांय सोलन के कोठों में फिलफाॅट फोरम द्वारा आयोजित 35वीं अखिल भारतीय नृत्य, नाटक और संगीत प्रतियोगिता ‘अभिनय 2023’ के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
डाॅ. शांडिल ने कहा कि प्राचीन समय से ही संगीत प्रकृति के साथ-साथ मनुष्य को सुकून प्रदान करता आया है। उन्होंने कहा कि जीवन में संगीत विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। संगीत पर आधारित ऐसी प्रतियोगिताएं आज की भागा-दौड़ की जिंदगी में राहत प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि संगीत के माध्यम से क्षेत्र विशेष की संस्कृति का संवर्द्धन एवं प्रचार-प्रसार सरलता के साथ किया जा सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ऐसी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हमारी संस्कृति के सवंर्द्धन एवं संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं में देश के विभिन्न राज्यों की समृद्ध एवं बहुरंगी संस्कृति देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की समृद्धि संस्कृति को संजोए रखने के लिए वचनबद्ध है और यह प्रयास किया जा रहा है कि संस्कृति और पर्यटन के माध्यम से प्रदेश की आर्थिकी को मज़बूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि हिमाचल की संस्कृति अपनी विविधता के लिए विश्व में खास पहचान रखती है। प्रदेश की संस्कृति और पर्यटन का गहरा संबंध है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र के विकास में हमारी सांस्कृतिक धरोहरों महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
डाॅ. शांडिल ने आयोजकों को शुभकामनाएं दी और फिलफाॅट फोरम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि फिलफाॅट फोरम वर्ष 1986 से कलाकारों को अपनी प्रतिभा व कौशल का प्रदर्शन करने के लिए सशक्त मंच प्रदान कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *