श्री मणिमहेश यात्रा की अग्रिम तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन

Meeting organized regarding advance preparations for Shri Manimahesh Yatra

उत्तरी भारत की प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा की अग्रिम तैयारियों को लेकर मिनी सचिवालय भरमौर के सभागार में उपमंडल स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आने वाले समय में शुरू होने वाली मणिमहेश यात्रा की तैयारियों और दूसरी समस्याओं को लेकर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता ADM नरेंद्र कुमार चौहान ने की। बैठक में मणिमहेश यात्रा में डल झील तक श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु उचित व्यवस्था को सुनिश्चित बनाए रखने के लिए विस्तार पूर्वक चर्चा की गई।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को राष्ट्रीय राजमार्ग NH 154-A चंबा -भरमौर पर खड़ामुख से आगे चिन्हित स्थानों पर डगें व क्रैश बैरियर लगाने के निर्देश जारी किए।
उन्होंने संबंधित विभागों को जल्द से जल्द सुरक्षित यात्रा मार्ग, वाहनों को पास देने वाले स्थान, सड़क किनारे पार्किंग, स्वच्छ पेयजल व पैदल मार्गों के कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा । उन्होंने यह भी निर्देश दिए की यात्रा से संबंधित तैयारियों के उचित प्रबंधों को जल्द से जल्द अमलीजामा पहनाया जाए। नरेंद्र चौहान ने पुलिस विभाग को पार्किंग सुविधा के लिए विशेष कार्य योजना बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान उचित पेयजल आपूर्ति बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाए।
बैठक में उन्होंने शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था बनाए रखने संबंधित विभाग को निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने विद्युत विभाग को यात्रा के दौरान विद्युत आपूर्ति की उचित व्यवस्था करने को भी कहा। उन्होंने विभिन्न पंचायतों से आए प्रतिनिधियों, अधिकारियों व कर्मचारियों को श्री मणिमहेश यात्रा के सफल आयोजन के लिए सहयोग करने का भी आग्रह किया। गौरतलब है उत्तरी भारत की सुप्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा आधिकारिक रूप से कृष्णा जन्माष्टमी से लेकर राधा अष्टमी तक चलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *