सीवरेज की समस्या बनी लोगों के लिए आफत, घरों में घुसा सीवरेज का पानी

सीवरेज की समस्या

भरमौर के जनजातीय क्षेत्र में लोग सीवरेज की समस्या से बेहद परेशान हैं। विभाग की लापरवाही के कारण गंदा पानी अब लोगों के किचन में भी प्रवेश करने लगा है, जिससे लोग मजबूरी में अपने घरों के बरामदे में खाना बनाने पर मजबूर हो गए हैं। पर्यटन का सीजन पीक पर होने और मणिमहेश यात्रा की शुरुआत के साथ ही यहां की सीवरेज समस्या ने स्थानीय लोगों को बेहद परेशान कर दिया है। गली-मोहल्लों और सड़कों पर फैले गंदे पानी के कारण लोगों और पर्यटकों को नाक बंद करके गुजरना पड़ रहा है, जिससे भरमौर प्रशासन और संबंधित विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली उजागर हो रही है।

जगह-जगह सीवरेज का गंदा पानी बहने के कारण लोगों में बीमारियों का डर बढ़ गया है। अवैज्ञानिक तरीके से बिछाई गई सीवरेज पाइपों के कारण जगह-जगह लीकेज हो रही है, जिससे गंदा पानी सड़कों और फुटपाथ पर बह रहा है और लोगों को असुविधा हो रही है। स्थानीय लोगों ने कई बार सरकार, विभाग, प्रशासन और विधायकों से शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई स्थाई समाधान नहीं हो पाया है। बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और उपायुक्त चंबा के पास भी कई बार शिकायत की गई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

पर्यटन सीजन के दौरान जिस रास्ते से पवित्र मणिमहेश की छड़ी गुजरती है, वहां सीवरेज का गंदा पानी खुले में बह रहा है, जिससे नंगे पांव जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासियों और स्कूली बच्चों को भी इस गंदगी के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत कुगती और जन शिकायत निवारण समिति की सदस्य रीना देवी ने कहा है कि उन्होंने चंबा में जन शिकायत निवारण समिति की बैठक में इस समस्या को उठाया था और जल्द से जल्द समाधान की गुहार लगाई थी।

इसके अलावा, ग्राम पंचायत कुगती में पार्किंग की गंभीर समस्या भी है, जिसे 7 तारीख को होने वाली ग्राम सभा की बैठक में हल करने की आवश्यकता है। पिछले दिनों पार्किंग की समस्या के कारण दुर्घटना होने से 40 लोगों की जान बाल-बाल बची थी। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर बहुत परेशान हैं और कई बार शासन-प्रशासन से मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ है। अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो महामारी फैलने का खतरा है, और इसकी जिम्मेदारी प्रशासन, विभाग और सरकार की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *