There is acute shortage of water in Dundei village of Chhatradi Panchayat, villagers are very angry
भरमौर : ग्राम पंचायत छतराड़ी के अंतर्गत आने वाले दुंदेई गांव में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट गहराया हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद जलशक्ति विभाग इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है। स्थानीय निवासी ओमप्रकाश, सुदेश कुमार, अशोक कुमार, अजय कुमार, अनु देवी, देवा देवी और दुर्गा देवी सहित कई महिलाओं ने बताया कि वे बार-बार विभागीय कर्मचारियों को फोन करते हैं, लेकिन कर्मचारी फोन उठाना तो दूर, मौके पर पहुंचने की भी जहमत नहीं उठा रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि जब वे व्यक्तिगत रूप से संबंधित कर्मचारी से संपर्क करते हैं, तो वह उनके साथ अभद्र व्यवहार करता है। इस लापरवाही के चलते दुंदेई गांव के लोग पिछले एक सप्ताह से पीने के पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
प्राकृतिक स्रोत से भर रहे हैं पानी, बच्चे बिना नहाए जा रहे स्कूल
हालात यह हैं कि ग्रामीणों को करीब 1 किलोमीटर दूर एक प्राकृतिक स्रोत से बाल्टियों में पानी भरकर लाना पड़ रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह काम और भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूली बच्चों को बिना मुंह-हाथ धोए ही स्कूल जाना पड़ रहा है, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य दोनों पर खतरा मंडरा रहा है।
अधिकारी ने दिया समाधान का आश्वासन
उधर, इस संबंध में सहायक अभियंता मनोज कुमार ने कहा है कि यदि ऐसा कोई मामला है तो उसे तुरंत देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित कर्मचारी को निर्देश जारी किए जा चुके हैं और जल्द से जल्द गांव में पानी की सप्लाई बहाल की जाएगी।
ग्रामीणों की मांग – जल्द हो समाधान
ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि पानी की आपूर्ति को जल्द बहाल किया जाए ताकि उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
