Woman dies a day after delivery in KNH Shimla, relatives accuse doctors and nursing staff of negligence
शिमला | हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के मातृ शिशु अस्पताल (KNH) में डिलीवरी के एक दिन बाद एक 27 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शिमला जिला के गढ़ावग गांव की अर्चना शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों का कहना है कि गुरुवार सुबह 11:30 बजे अर्चना की सीजेरियन डिलीवरी हुई थी और शुक्रवार सुबह 8:30 बजे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद भी महिला को जबरन दूसरे कमरे में पैदल चलाकर शिफ्ट करने को कहा गया। जब नर्सों ने उसे उठाने की कोशिश की, तो उसे चक्कर आया और ब्लीडिंग शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों में उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई।
“सीजेरियन के बाद चलने की हालत में नहीं थी महिला”
परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद अर्चना की हालत चलने लायक नहीं थी, लेकिन अस्पताल स्टाफ ने अनदेखी करते हुए जबरन उसे उठाया, जिससे उसकी जान चली गई। महिला के दो छोटे बच्चे हैं—चार साल की बेटी और एक नवजात बेटा, जिसका जन्म एक दिन पहले ही हुआ था।
अस्पताल प्रशासन ने मानी अचानक मौत की बात, जांच के आदेश
KNH अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. सुंदर सिंह नेगी ने कहा कि महिला सुबह तक पूरी तरह सामान्य थी और उसे रूटीन के तहत दूसरे कमरे में शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ी और कुछ ही समय में उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की आंतरिक जांच (इंटरनल इंक्वायरी) के आदेश दे दिए गए हैं और तीन दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
परिजनों की मांग—लापरवाह स्टाफ पर हो कार्रवाई
अर्चना के परिजनों ने लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों और नर्सों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अस्पताल में महिलाओं की देखरेख को लेकर उठ रहे सवालों के बीच यह घटना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रही है।
