Heavy rain alert in Himachal Pradesh, advisory issued for tourists and local people
हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है। मौसम विभाग ने 31 मई और 1 जून के लिए भारी बारिश और तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनज़र प्रशासन ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में प्रदेश में घूमने आए पर्यटकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है।
नदी-नालों और लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों से दूर रहें
प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि लोग नदी-नालों, जलभराव वाले स्थानों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की ओर न जाएं। खासकर पर्यटकों से अपील की गई है कि वे अपने ट्रिप का प्लान मौसम को ध्यान में रखकर ही बनाएं।
5 दिन खराब रहेगा मौसम, 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा। 31 मई को कांगड़ा, चंबा, मंडी और कुल्लू जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि 1 जून को शिमला, सोलन और सिरमौर में मौसम बिगड़ने की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज़ आंधी और ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है।
पर्यटकों की भीड़, लेकिन खतरा बढ़ा
गर्मियों से राहत पाने के लिए हिमाचल में इन दिनों हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में टूरिस्ट पहुंच रहे हैं। हालांकि लगातार बिगड़ते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
बारिश से गिरा तापमान, कल्पा में 8.2 डिग्री की गिरावट
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई है, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
-
कल्पा में तापमान 8.2 डिग्री गिरकर 16.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
-
ताबो में तापमान 6 डिग्री गिरा, अब 17.8 डिग्री सेल्सियस है।
-
भुंतर में तापमान 6.3 डिग्री की गिरावट के साथ 28.7 डिग्री दर्ज हुआ।
प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 3.4 डिग्री तक गिर गया है, जिससे मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है।
