राजधानी शिमला में मंगलवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई है। संजौली के चलौंठी में स्थित टिटरी टनल अचानक गिर गई। मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि सोमवार शाम से ही यहां पत्थर और मिट्टी गिरने की शुरूआत हो गई थी, जिसके बाद टनल में काम कर रहे सभी कर्मचारियों और मशीनरी को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया था।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी की तरफ से पहाड़ी स्थिर करने के लिए काम किया जा रहा था और 400 मीटर लंबी टनल की खुदाई चल रही थी. लेकिन खुदाई से टनल के ऊपर पहाड़ी का बड़ा हिस्सा धराशाई हो गया और टनल का मुहाना बंद हो गया. फिलहाल, भूस्खलन से शिमला के ढली जंक्शन के पास नेशनल हाईवे को खतरा पैदा हो गया है और लगातार पत्थर गिर रहे हैं.
एनएचएआई के प्रोजैक्ट मैनेजर अचल जिंदल ने बताया कि जहां टनल का पोर्टल बन रहा था, वहां मलबा डंप हो गया था। पोर्टल को मजबूत करने का काम चल रहा था लेकिन तेज बारिश में टनल के पोर्टल पर लैंडस्लाइड हो गया और ये घटना पेश आई। फिलहाल घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है।
