पंजाब के जेजों खड्ड में हुए हादसे में ऊना जिला के 8 मृतक लोगों का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया गया। अंतिम संस्कार आज सुबह हिमाचल और पंजाब की सीमा पर स्थित ऐतिहासिक धार्मिक स्थल बभौर साहब के श्मशान घाट पर किया गया. चारों और चीख पुकार के साथ जब जिला ऊना के देहलां और भटोली गांव से सभी 8 आर्थियों को निकाला गया तो माहौल पूरी तरह से ग़मगीन हो गया।
भटोली के रहने वाले तीन सगे भाई बहनों को अंतिम विदाई के लिए एक साथ चिता बनाई गई, जिन्हें उनके पिता ने बेहद गमगीन माहौल के बीच पंचतत्व के सुपुर्द किया. जानकारी के अनुसार, मृतकों में देहलां निवासी सुरजीत कुमार, उनकी धर्मपत्नी परमजीत कौर, बेटा गगन, लापता भाई स्वरूप चंद की पत्नी बलविंदर कौर, बेटे नितिन, जबकि भटोली की अंकिता, भावना और उनके छोटे भाई हरमीत का अंतिम संस्कार किया गया. देहलां में रहने वाली दो बहनों सहित उनके परिवार की करीब पांच अर्थियां एक साथ शमशान भूमि पहुंचाई गई. दोनों के बेटों ने अपने-अपने परिजनों को मुखाग्नि दी.
