कुल्लू में सड़क निर्माण घोटाला: कंक्रीट डंगे में पत्थर भरे गए

कुल्लू में सड़क निर्माण घोटाला: कंक्रीट डंगे में पत्थर भरे गए

Kullu road construction scam: Concrete poles filled with stones

कुल्लू ( KULLU ) जिले के आनी उपमंडल में गुगरा-जाओं के बीच बन रहे कंक्रीट डंगे में भारी अनियमितताओं का मामला उजागर हुआ है। निरमंड मंडल के दलाश सबडिवीजन के तहत आनी–चवाई- दलाश सड़क पर चल रहे इस निर्माण कार्य में कंक्रीट की जगह पत्थर भरने का वीडियो वायरल हुआ, जिससे लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए।

विभागीय संज्ञान और नोटिस 

उच्च अधिकारियों ने तुरंत मामले पर संज्ञान लिया। अधिशासी अभियंता ( Executive Engineer )  आनंद शर्मा ने कहा कि यह गंभीर मामला है और संबंधित ठेकेदार व कनिष्ठ अभियंता (जेई) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्राथमिक जांच में खुलासा

प्राथमिक जांच में पाया गया कि ठेकेदार के मजदूरों ने जेई की अनुपस्थिति में कंक्रीट डंगे में मानकों के विपरीत पत्थर डाल दिए थे। विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही माना। ठेकेदार संदीप ठाकुर ने बताया कि यह कार्य पहले कश्मीरी मजदूरों द्वारा किया जा रहा था, लेकिन उनके अवकाश के कारण शेष कार्य अन्य मजदूरों को सौंपा गया। उन्हीं मजदूरों ने उनकी गैरमौजूदगी में गलती की, जिसे अब विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में सही किया गया।

जेई का पक्ष और कार्रवाई

संबंधित जेई लाल चंद ने खुद को इस मामले से अलग बताया और कहा कि वे अवकाश पर थे तथा स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि उनकी अनुपस्थिति में कार्य न किया जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए दलाश सबडिवीजन का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे एसडीओ मनीष कुमार को मौके पर भेजा गया। उन्होंने तुरंत निर्माण कार्य रुकवाते हुए घटिया तरीके से बने डंगे को तोड़ने का आदेश दिया। फिलहाल पत्थरों को हटाने का काम जारी है और अब निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुसार दोबारा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *