Beware of fake e-challan scams: Cyber criminals are using new tools to threaten bank details
शिमला ( SHIMLA ) डिजिटल दौर में जहां तकनीक ने जिंदगी को आसान बनाया है, वहीं साइबर अपराधी भी नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। इन दिनों फर्जी ई-चालान ( E-CHALLAN) स्कैम तेजी से फैल रहा है, जिसमें ठग लोगों को नकली मैसेज भेजकर उनके बैंक खातों और निजी जानकारी तक पहुंच बना रहे हैं।
कैसे काम करता है यह स्कैम
साइबर ठग लोगों के मोबाइल पर ऐसा मैसेज भेजते हैं, जो बिल्कुल असली ई-चालान जैसा दिखता है। इसमें लिखा होता है कि आपके वाहन का चालान कटा है और साथ में “Pay Now” या “Click to View Challan” जैसा लिंक दिया जाता है। जैसे ही व्यक्ति इस लिंक पर क्लिक करता है, वह एक फर्जी वेबसाइट पर पहुंच जाता है, जो देखने में सरकारी साइट जैसी होती है। यहां वाहन नंबर, मोबाइल नंबर या बैंक डिटेल भरते ही ठग आपकी संवेदनशील जानकारी चुरा लेते हैं।
साइबर सेल शिमला ने इस तरह के फर्जी लिंक से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों का कहना है कि लोग सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध मैसेज पर भरोसा न करें।
ऐसे करें बचाव
डीआईजी साइबर क्राइम रोहित मालपानी के अनुसार, ई-चालान की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in
या संबंधित राज्य की ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट का ही उपयोग करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें, चाहे वह एसएमएस, व्हाट्सऐप या ई-मेल के जरिए आया हो। मोबाइल में एंटी-वायरस और सिक्योरिटी ऐप जरूर रखें, जो फिशिंग वेबसाइट्स को ब्लॉक कर सकें। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर अपने वाहन या चालान से जुड़ी जानकारी साझा करने से भी बचें।
सतर्कता ही बचाव का सबसे बड़ा उपाय
विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर इस तरह के साइबर फ्रॉड से बचा जा सकता है। किसी भी संदिग्ध लिंक या मैसेज से दूरी बनाकर रखें और केवल विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करें।
