हिमाचल में बर्फबारी-बारिश का कहर, कई इलाकों में संपर्क बाधित, ऑरेंज अलर्ट जारी

हिमाचल में बर्फबारी-बारिश का कहर, कई इलाकों में संपर्क बाधित, ऑरेंज अलर्ट जारी

Snowfall and rain wreak havoc in Himachal, disrupting communication in many areas, orange alert issued

हिमाचल प्रदेश ( HIMACHAL PRADESH )  में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और मध्यम व निचले इलाकों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है।

अटल टनल और दर्रों में भारी बर्फबारी

अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ और साउथ पोर्टल पर करीब दो फीट ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। लाहौल स्पीति ( Lahaul Spiti ) का संपर्क शेष दुनिया से कट गया है। रोहतांग और शिंकुला दर्रा में करीब तीन फीट तक बर्फ जमी है, जबकि किन्नौर के कल्पा, सांगला और छितकुल सहित कई इलाकों में 3 से 5 इंच ताजा बर्फबारी हुई है।

कई जिलों में तेज बारिश

शिमला, कांगड़ा, चंबा, मंडी और अन्य क्षेत्रों में पूरी रात बारिश होती रही। मनाली में सबसे अधिक 57 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि पालमपुर, शिमला, मंडी और कसौली में भी अच्छी खासी बारिश रिकॉर्ड हुई।

बढ़ी ठंड, तापमान में भारी गिरावट

लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश में कड़ाके की ठंड लौट आई है। कई शहरों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। ऊना, मंडी, भुंतर, सुंदरनगर और सोलन समेत कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 8 से 12 डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया।

लैंडस्लाइड की घटनाएं बढ़ीं

बारिश और बर्फबारी के बाद पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। कुल्लू के इनर अखाड़ा में पहाड़ी दरकने के बाद मलबा गिरा, जबकि मनाली के अलेऊ में चट्टान गिरने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

आज के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने आज कई जिलों में भारी बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार मंडी, शिमला और सिरमौर में बिजली गिरने और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

आगे कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार कल से वेस्टर्न डिस्टरबेंस ( Western Disturbance ) कमजोर पड़ सकता है। 23 मार्च को ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं, जबकि 24-25 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है। 26 मार्च को फिर से बारिश और बर्फबारी का दौर लौट सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *