पुलिस थाना ढली से अंतर्राज्यीय नशा तस्कर ग्रिल तोड़कर फरार

नशा तस्कर, पुलिस थाना ढली

नशा तस्कर | पुलिस थाना ढली से अंतर्राज्यीय तस्कर ग्रिल तोड़कर फरार

शिमला के पुलिस थाना ढली से अंतर्राज्यीय नशा तस्कर ग्रिल तोड़कर फरार हो गया है। नशा तस्कर के फरार होने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामला रविवार मध्यरात्रि का है। जानकारी के अनुसार जहां शिमला पुलिस का ड्रग पैडलरों पर चाबुक चला हुआ है, वहीं दूसरी ओर अंतर्राज्यीय ड्रग पैडलर के पुलिस थाना के हवालात की ग्रिल तोड़कर भाग जाने के मामले से जहां पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही, वहीं शिमला पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

ढली पुलिस थाना में चिट्टा बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया दिल्ली का यह सप्लायर रविवार मध्यरात्रि ग्रिल तोड़कर फरार होने में कामयाब हो गया है जिससे पुलिस के हाथ-पांव फूल गए हैं और उसे खोज निकालने के लिए पैंतरे आजमाए जा रहे हैं लेकिन तस्कर का देर शाम तक कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका है।

मध्यरात्रि करीब 12 बजे आरोपी के पुलिस हिरासत से फरार हो जाने के बाद ढली पुलिस थाना में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी की और सभी तंत्र उसकी खोजबीन में लगा दिए हैं। आरोपी को पकड़ने के लिए शिमला पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। जगह-जगह पर नाकाबंदी की गई है। शहर व अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी को धर दबोचा जा सके और पुलिस अपनी जान बचा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *