राज्य सरकार को लंबी अदालती लड़ाई के बाद अब हिमाचल के शिमला स्थित फाइव स्टार होटल, वाइल्ड फ्लावर होटल का कब्ज़ा मिलने जा रहा है। अब ओबेरॉय ग्रुप के पास छराबड़ा में बने इस होटल का कब्जा नहीं रहेगा। यह आदेश शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने सुनाया।
हाईकोर्ट के जस्टिस सत्यैन वैद्य की अदालत ने होटल के मालिकाना हक को लेकर दायर की गई ओबेरॉय ग्रुप की रिव्यू पिटीशन खारिज कर दी। कोर्ट ने ओबेरॉय ग्रुप को निर्देश दिए कि 2 महीने में होटल का कब्जा राज्य सरकार के हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) को सौंप दिया जाए। इससे जुड़ी कंप्लायंस रिपोर्ट 15 मार्च 2024 को अदालत में सब्मिट करनी होगी।
22 साल चली अदालती लड़ाई
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को होटल की इक्विटी की अदायगी करने के निर्देश दिए। राज्य सरकार के सीनियर एडिशनल एडवोकेट जनरल IN मेहता ने बताया कि 22 साल की लंबी अदालती लड़ाई के बाद अंतत: वाइल्ड फ्लावर होटल का मालिकाना हक सरकार को मिलने जा रहा है।
इससे पहले, राज्य सरकार ने 18 नवंबर 2023 को वाइल्ड फ्लावर होटल का नियंत्रण अपने कब्जे में ले लिया था। HPTDC के अधिकारियों ने वहां एडमिनिस्ट्रेटर बैठा दिया था, लेकिन उसी दिन हिमाचल हाईकोर्ट ने सरकार के एग्जीक्यूशन ऑर्डर पर स्टे लगा दिया। उसके बाद ओबेरॉय ग्रुप ने हाईकोर्ट में होटल का मालिकाना हक राज्य सरकार को सौंपने के फैसले के खिलाफ रिव्यू पिटीशन फाइल की थी।
