सोमवार को जिला ऊना में गुरुकुल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल पक्का परोह अंब ने अपना वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया। इस कार्यक्रम में चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। कार्यक्रम में विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने गुरुकुल संस्थान के शुरुआती दिनों के संघर्ष से लेकर अब तक की कहानी को जमकर सराहा। इससे पूर्व स्कूल प्रशासन ने उन्हें शाल बुके व स्मृति चंद भेंटकर उनका स्वागत किया। विधायक सुदर्शन सिंह ने कहा कि जीवन में कुछ भी बिना संघर्ष के नहीं पाया जा सकता है ,इसलिए स्टूडेंट्स को चाहिए कि वह हिम्मत और सब्र के साथ काम लेते हुए जीवन में संघर्ष करते रहें।संघर्ष करने वालों की मंजिल एक दिन जरूर उनके कदम चूमती है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में नशा एक जहर की तरह हमारे समाज में घुलता जा रहा है ऐसे में बच्चों को चाहिए वह नशे से दूर रहें। खेल के मैदान और किताबों को अपना दोस्त बनना चाहिए ताकि अपना, अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन किया जा सके। विधायक सुदर्शन सिंह ने मेधावी व खेल के मैदान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्टूडेंट को पारितोषिक देकर सम्मानित किया। उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले स्टूडेंट्स को ₹21000 देकर सम्मानित किया। इस मौक पर गुरुकुल संस्थान के चैयरमैन जगमोहन गौतम, मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश गौतम, प्रिंसिपल शिवानी गुलरिया भी उपस्थित रहे।
