हिमाचल प्रदेश के मंडी और बिलासपुर की सीमा पर सलापड़ में कौल डैम में रविवार शाम को वन विभाग के 10 कर्मचारी फंस गए। जिन्हें अब निकाल लिया गया है। पानी में सिल्ट और लकड़ियां काफी अधिक होने की वजह से ये सभी कर्मचारी नाव सहित डैम साइट में फंस गए थे। हालांकि देर रात इन्हें रेस्क्यू करने के लिए अभियान शुरू किया गया था।
वन विभाग के कर्मचारी कैसे फंसे कौल डैम में ?
जानकारी के अनुसार, भारी बारिश की वजह से कौल डैम में काफी मात्रा में लकड़ी आ गई थी। इस दौरान वन विभाग के कर्मचारी अपने साथ कुछ लोग लेकर लकड़ी की जांच करने के लिए गए। इस दौरान डैम में काफी मात्रा में सिल्ट और लकड़ी के बीच इनकी नाव फंस गयी। बाद में इन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। डीसी मंडी अरिंदम चौधरी भी मौके पर पहुंचे और साथ ही NDRF की टीमों को भी बुलाया गया है। एक स्ट्रीमर की मदद से इन लोगों को निकालने की कोशिश देर रात शुरू हो गई थी। सुबह 3 तीन बजे इन सभी लोगों को डैम से निकाल लिया गया है।
साइट पर फंसे लोगों में से पांच वन विभाग के कर्मचारियों की पहचान बहादुर सिंह, भूपेश ठाकुर, रूप सिंह, बाबू राम और अंगद कुमार के रूप में हुई है। जबकि अन्य पांच स्थानीय लोग नैन सिंह, डागू राम, हेम राज, बुद्धि सिंह और धर्मेंद्र है। हालांकि, इनके पास नाव है। वहीं डैम में फंसे इन लोगों के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में एक शख्स डैम में फंसे इन लोगों को बचाने की कोशिश करता हुआ भी नजर आ रहा है। यह शख्स सिल्ट और लकड़ी के बीच तैरता हुआ नजर आ रहा है।
डीसी मंडी अरिंदम चौधरी ने बताया कि बताया कि बारिश और मुश्किल हालात के बीच इन सभी लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। वह खुद मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने रेस्क्यू टीम की तारीफ की।
