हिमाचल में शनिवार को मौसम विभाग ने कुछ ज़िलों में फ्लैश-फ्लड का अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी शिमला, सोलन व सिरमौर जिला को दी गई है। बता दें की प्रदेश में अभी भी मानसून का सिलसिला जारी है , शुक्रवार को प्रदेश के कई ज़िलों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार कल यानि रविवार से मानसून धीमा पड़ सकता है और 12 सितंबर तक प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में धुप खिली रहने की उम्मीद जताई जा रही है।
हिमाचल में में इस मानसून सीजन में सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है । मिली जानकारी के अनुसार 1 जून से 6 सितंबर के बीच प्रदेश में 648.1 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है। लेकिन इस बार 509.3 मिलीमीटर बारिश हुई है। हिमाचल के ज़िलों की बात की जाए तो इस बार केवल शिमला में ही सामान्य से जयादा बादल बरसे है ,जिला में सामान्य से 12 प्रतिशत ज्यादा मेघ बरसे है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में इस बार मानसून ने भारी तबाही भी मचाई है।
1330 करोड़ का नुकसान
प्रदेश में मानसून ने 27 जून को दस्तक दी थी. पिछले 71 दिनों में मानसून ने भारी तबाही मचाई है. बारिश के कारण प्रदेश भर में चल व अचल सम्पति को 1330 करोड़ का नुकसान आंका गया है. वहीं सड़कों व पुलों के क्षतिग्रस्त होने से लोकनिर्माण विभाग को 617 करोड़ की चपत लगी है, जबकि जलशक्ति विभाग को 507 करोड़ का नुकसान हुआ. इस दौरान 180 घर, 58 दुकानें और 482 पशुशालाएँ पूरी तरह ध्वस्त हो गईं, जबकि 510 घर आंशिक तौर पर क्षतिग्रस्त हुए.
