A soldier from Himachal Pradesh died in a road accident while returning home on leave, leaving his family in mourning.
मंडी (गोहर) – हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के उपमंडल गोहर की खारसी पंचायत के 26 वर्षीय भारतीय सेना के जवान ढमेश्वर दत्त का सड़क हादसे में निधन हो गया। हादसा पंजाब के लुधियाना में हुआ। ढमेश्वर छुट्टी पर घर आ रहे थे और करवाचौथ की खुशियों में परिवार के साथ समय बिताने वाले थे।
एक अन्य साथी की भी मौत, तीसरा घायल
ढमेश्वर दो अन्य साथियों के साथ कार में घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही गाड़ी से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ढमेश्वर दत्त के एक साथी सैनिक की भी मौत हो गई। तीसरा साथी घायल है और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
ढमेश्वर अपने परिवार का इकलौता सहारा थे। उनके निधन से बुजुर्ग माता-पिता अपने सहारे से वंचित हो गए हैं। ढमेश्वर के पीछे पत्नी, तीन साल का बेटा और आठ महीने की बेटी छोड़ गए हैं। जवान उम्र में ही विधवा हुई पत्नी और छोटे बच्चों की जिंदगी में अब पिता का साया नहीं रहेगा।
सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
एसडीएम गोहर, बचित्र सिंह ने बताया कि सोमवार को ढमेश्वर दत्त को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
