नादौन में खुलेगी दमकल विभाग की चौकी, लोगों को मिलेगी सुविधा

नादौन में खुलेगी दमकल विभाग की चौकी, लोगों को मिलेगी सुविधा

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में अब दमकल चौकी खुलेगी। यहां पर सब फायर केंद्र खुलने से क्षेत्र के लोगों को लाभ होगा। इसके लिए दमकल विभाग ने भवन का भी चयन कर लिया है। जहां पर दमकल विभाग की चौकी संचालित होगी। सब फायर स्टेशन खुलने से यहां पर गाडिय़ां तैनात रहेंगी तथा कर्मचारियों की भी तैनाती होगी।

मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश से ही इसका उद्घाटन करवाने की बात कही जा रही है। निर्धारित औपचारिकताएं पूरी कर चुका विभाग बहुत जल्द यहां से सुविधा को शुरू कर सकता है। उपमंडल नादौन के लोग काफी समय से मांग कर रहे थे कि यहां पर दमकल विभाग का सब फायर केंद्र खोला जाए। दमकल विभाग की तरफ से सभी उपमंडल में दमकल विभाग की चौकी खोली गई है लेकिन नादौन में भवन का चयन न होने के चलते दमकल विभाग की चौकी नहीं खुल पा रही थी। अब दमकल विभाग ने यहां पर भवन का चयन कर लिया है जिसमें दमकल विभाग का सब फायर केंद्र चलेगा।

इस बारे में कमांडेट होमगार्ड सुशील कौंडल का कहना है कि नादौन में भवन की तलाश कर ली गई है। मुख्यमंत्री के आगमन के बाद इसका उद्घाटन करवाया जाएगा तथा उसके उपरांत इसका विविधत संचालन किया जाएगा।

बता दें कि उपमंडल नादौन के तहत आने वाले क्षेत्रों में आगजनी जैसी स्थिति से निपटने के लिए हमीरपुर या सुजानपुर से दमकल विभाग की गाडिय़ां मौके के लिए रवाना होती हैं। हालांकि पहले भोरंज और बड़सर में भी दमकल केंद्र नहीं था लेकिन काफी प्रयासों के चलते वहां पर दकमल चौकियां खोली गईं जिनका आज लाभ संबंधित क्षेत्रों को मिल रहा है। नादौन की एकमात्र उपमंडल दमकल चौकी से वंचित था। अब यहां पर भी जल्द दमकल सब फायर केंद्र खोल लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *