ट्रेनी अधिकारी पूजा खेडकर के माता पिता समेत 7 पर FIR

ट्रेनी अधिकारी पूजा खेडकर के माता

महाराष्ट्र के पुणे की IAS ट्रेनी अधिकारी पूजा खेडकर एक नए मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। एक वीडियो वायरल हो रहा है जो की उनकी मां से जुड़ा हुआ है। इस वीडियो में उनकी मां ​​मनोरमा खेडकर पिस्तौल से किसानों को धमकाते हुए दिखाई दे रही हैं। घटना पुणे के मुलशी तेहसील के धडावली गांव की है, जहां पूजा के पिता दिलीप खेडकर ने जमीन खरीदी हुई है।

मामले को लेकर शनिवार सुबह पूजा की माता पिता समेत 7 लोगों के खिलाफ पौड पुलिस स्टेशन में केस दर्ज हो गया है। इसमें पुलिस ने बताया FIR IPC की धारा 323, 504, 506 के तहत दर्ज की गई है। साथ ही आर्म्स एक्ट के चार्ज भी समिलित किए गए हैं।

दिलीप खेडकर महाराष्ट्र सरकार के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। स्थानीय लोगों का कहना था कि खेडकर परिवार ने बाउंसर की मदद से पड़ोसी किसानों की जमीन पर कब्जा करने और धमकाने की कोशिश की गयी। किसान कुलदीप पासलकर ने दावा किया कि मनोरमा उनकी जमीन को जबरदस्ती हड़पने की कोशिश कर रही हैं।

हालांकि, पुणे पुलिस के सुपरिंटेंडेंट पंकज देशमुख ने शुक्रवार रात को बताया कि यह घटना पिछले साल 5 जून को धडावली गांव में हुई थी। तब किसानों की ओर से शिकायत दर्ज की गई थी, लेकिन, शिकायत में पिस्तौल का जिक्र नहीं था। इसको लेकर पुणे पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि हम जांच कर रहे हैं कि मनोरमा के पास पिस्तौल का लाइसेंस है या नहीं।

खेडकर परिवार का कहना है की किसानों ने उनकी जमीन पर कब्जा किया है

खेडकर परिवार ने पुणे के मुलशी तहसील में 25 एकड़ जमीन खरीदी थी। हालांकि, उन्होंने दावा किया है कि इसका एक हिस्से पर किसानों ने कब्जा कर लिया था। इसीलिए मनोरमा अपने सिक्योरिटी गार्ड्स के साथ वहां गयी और किसानों को धमकाया। वीडियो में सुना जा सकता है कि वह कह रही हैं कि जमीन उनके नाम पर है।

पूजा के पास करोड़ों की संपत्ति

34 साल की पूजा खेडकर न केवल UPSC सिलेक्शन में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर, बल्कि अपनी करोड़ों की संपत्ति को लेकर भी सुर्खियों में हैं। पूजा खेडकर लगभग 17-22 करोड़ की संपत्ति की मालकिन हैं।

पूजा ने 2023 में जॉइनिंग से पहले अपनी अचल संपत्ति के ब्योरे में सरकार को बताया कि उन्होंने 2015 में पुणे के म्हालुंगे में दो प्लॉट खरीदे। इनमें एक प्लॉट उन्होंने 42 लाख 25 हजार रुपये में और दूसरा प्लॉट 43 लाख 50 हजार रुपये में खरीदा था। इन दोनों प्लॉट की मौजूदा बाजार कीमत 6 से 8 करोड़ रुपये के बीच है।

2018 में पूजा ने पुणे के धनेरी इलाके में 20 लाख 79 हजार रुपये में 4.74 हेक्टेयर जमीन खरीदी थी, जिसकी वर्तमान कीमत 3 से 4 करोड़ रुपये है। 2020 में उन्होंने केंधवा में 44 लाख 90 हजार रुपये में 724 स्क्वायर फीट का एक फ्लैट खरीदा, जिसकी मौजूदा कीमत 75 लाख रुपये है।

प्रॉपर्टी से हर साल 45 लाख की इनकम

NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रेनी अधिकारी पूजा खेडकर के नाम अहमदनगर में भी तीन प्रॉपर्टी हैं। इनमें से दो जमीनें उनकी मां ने उन्हें 2014 में गिफ्ट के रूप में दी थीं, जिनकी कीमत लगभग 1.25 करोड़ रुपये है। 2019 में, पूजा ने सवेदी में 20 लाख 25 हजार रुपये में खुद एक जमीन खरीदी, जिसकी वर्तमान कीमत 45 लाख रुपये है।

इन सभी सात प्रॉपर्टी से पूजा हर साल लगभग 42 लाख रुपये कमा रही हैं। पूजा के पिता, दिलीप खेडकर, के नाम पर लगभग 40 करोड़ रुपये की संपत्ति है। दिलीप खेडकर महाराष्ट्र सरकार के रिटायर्ड प्रशासनिक अधिकारी हैं। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और 2024 में अहमदनगर सीट से वंचित बहुजन अघाडी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए।

जिस ऑडी में घूमती हैं, उस पर 26 हजार का बकाया चालान

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पूजा खेडकर अपनी पोस्टिंग के दौरान जिस ऑडी कार पर लाल-नीली बत्ती और महाराष्ट्र सरकार का स्टिकर लगाकर घूमती थीं, उस पर 26 हजार रुपये का जुर्माना बकाया है।

2022 से अब तक तेज गति से गाड़ी चलाने, सिग्नल तोड़ने और पुलिस के पूछने पर रुकने से इनकार करने जैसे ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के कारण ऑडी के 21 चालान पेंडिंग हैं। यह ऑडी कार एक प्राइवेट इंजीनियरिंग कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड है।

RTO ने गुरुवार, 11 जुलाई को इंजीनियरिंग कंपनी को नोटिस जारी किया है। RTO के एक अधिकारी ने शुक्रवार, 12 जुलाई को बताया कि पुणे RTO ने पुणे स्थित एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को नोटिस जारी किया है, जिसके नाम पर MH-12/AR-7000 नंबर वाली ऑडी रजिस्टर्ड है। नोटिस में कंपनी को जांच के लिए ऑडी कार को तुरंत RTO में पेश करने के लिए कहा गया है।

पूजा खेडकर की जांच के लिए कमेटी बनी

केंद्र ने गुरुवार, 11 जुलाई को विवादों में घिरी ट्रेनी अधिकारी पूजा खेडकर की उम्मीदवारी की जांच के लिए एक सिंगल मेंबर कमेटी का गठन किया है। पूजा खेडकर पर आरोप है कि उन्होंने विकलांगता और OBC आरक्षण कोटे का दुरुपयोग करके IAS में पद हासिल किया।

केंद्र ने एक बयान में कहा कि यह जांच एडिशनल सेक्रेटरी रैंक के एक अधिकारी द्वारा की जाएगी। इस जांच का उद्देश्य 2023 बैच की अधिकारी खेडकर की उम्मीदवारी के दावों और अन्य विवरणों को वेरिफाई करना होगा। समिति अपनी रिपोर्ट दो हफ्तों में पेश करेगी।

जब पूजा से उनकी जांच के लिए गठित कमेटी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। पूजा ने कहा कि मुझे इस मामले पर कुछ भी बोलने का अधिकार नहीं है। मैं कमेटी के सामने अपना पक्ष रखूंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *