बड़ा हादसा: पश्चिम बंगाल में लॉरी और एम्बुलेंस की टक्कर, छह की मौत
पश्चिम बंगाल में एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें लॉरी और एम्बुलेंस की जोरदार टक्कर से तीन महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। एम्बुलेंस घाटाल से मरीजों को लेकर मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज आ रही थी, जबकि लॉरी मेदिनीपुर से केशपुर की ओर जा रही थी। पंचमी के पास बड़े पोल के पास यह दुर्घटना हुई।
छह लोगों की मौके पर ही मौत
हादसे में एम्बुलेंस में सवार लोग ज्यादा हताहत हुए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एम्बुलेंस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एम्बुलेंस में सात और लॉरी में ड्राइवर समेत दो लोग सवार थे।
घायलों को मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती
पुलिस अधीक्षक धृतिमान सरकार ने बताया कि सीमेंट से भरी एक लॉरी और एम्बुलेंस की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। घायलों को मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल चंद्रकोना खिरपाई इलाके के रहने वाले हैं और मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस और अधिकारी पहुंच गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
