वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट पेश करने के बाद सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई है। बता दें कि बजट में आज सोने-चांदी पर कस्टम ड्यूटी घटकर 6 फीसदी करने का ऐलान किया गया। दरअसल, MCX पर सोना जहां 4100 रुपए प्रति 10 ग्राम तक लुढ़का है तो वहीं चांदी के दाम में 4300 रुपए प्रति किलोग्राम तक की गिरावट आई है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की कीमतों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली और यह कल के मुकाबले 5.72 फीसदी यानी 4,158 रुपए सस्ता होकर 68,560 रुपए तक आ गया है। सोना आज बजट के पेश होने के बाद से लगातार गिर रहा है और यह एक समय पर 68,500 रुपए के स्तर तक आ गया था।
सोने के अलावा MCX पर चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त गिरावट देखने को मिल रही है और यह सोमवार के मुकाबले रिकॉर्ड 4,304 रुपए प्रति किलोग्राम तक सस्ती होकर 84,899 रुपए पर आ गई है। सरकार द्वारा बजट में चांदी में कस्टम ड्यूटी के कम किए जाने के ऐलान के बाद आज चांदी न्यूनतम 84,275 रुपए के निचले स्तर पर आ गई थी।
