भरमौरी की चेतावनी- अभी रिटायर नहीं हुए हैं, उनके आशीर्वाद के बिना भरमौर में कोई भी नया नेता तैयार नहीं हो सकता

विधानसभा क्षेत्र भरमौर में सरकार बनने के बाद सबसे कठिन डगर किसी पार्टी के लिए बनी हुई है तो वह स्वयं कांग्रेस पार्टी के लिए बनी हुई है। यहां पर कांग्रेस में धड़ेबाजी आए दिन खुलकर सामने आ रही है। एक धड़े से नाराज पार्टी कार्यकर्ता दूसरे धड़े में जाकर अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रहा है। कुछ ऐसा ही मंजर शुक्रवार को देखने को मिला जिस वक्त ठाकुर सिंह भरमौरी के रिश्तेदार व प्रधान ग्राम पंचायत संचूई भरमौरी का साथ छोड़कर ललित ठाकुर के साथ प्रैसवार्ता में शामिल होकर विरोधियों को एक और मौका दे दिया है। तो वहीं पर बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक का आयोजन करवा कर ठाकुर सिंह भरमौरी ने भी अपने वर्चस्व को दिखाने की पुरजोर कोशिश की है। इस बैठक में ठाकुर सिंह भरमौरी ने यहां तक कह दिया है कि वह अभी तक रिटायर नहीं हुए हैं।
हालांकि जनता ने उन्हें रिटायर करने की कोशिश की है। उन्होंने यह भी कह दिया की जनता जब रिटायर करेगी तो वह राजनीति से संन्यास लेंगे। फिलहाल अभी उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कांग्रेस की अगली पीढ़ी को चेतावनी भी दे डाली कि भविष्य में नेता ठाकुर सिंह भरमौरी के आशीर्वाद के बिना भरमौर में पैदा ही नहीं हो सकता है।
गौरतलब है इस वक्त विधानसभा क्षेत्र भरमौर में कांग्रेस अलग-अलग गुटों से होकर गुजर रही है। जिसमें एक धड़ा हिमाचल प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक के डायरेक्टर ललित ठाकुर के साथ जाकर अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रहा है तो दूसरा धड़ा ठाकुर सिंह भरमौरी की रहनुमाई में आकर भविष्य देख रहा है। तो तीसरा एक अलग धड़ा युवा नेता सुरजीत भरमौरी को भरमौर में कांग्रेस का भविष्य देख रहा है। बहरहाल यहां पर चरम पर पहुंची गुटबाजी थमने का नाम ही नहीं ले रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *