रघुनाथ की नगरी में जमकर उड़ा गुलाल

आज जिला कुल्लू के विभिन्न इलाकों में होली का उत्सव ढोल नगाड़ों के साथ मनाया गया । जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर, सरवरी, अखाड़ा बाजार, भुंतर में रंगो के साथ युवाओं ने खूब धमाल मचाया। वहीं, मनाली, पतली कुहल, भुंतर, मणिकर्ण और तीर्थन, बंजार में होली पर टोलियों में लोगों ने एक-दूसरे को खूब रंग-गुलाल लगाकर खुशियां मनाईं। कुल्लू में ढालपुर, लोअर ढालपुर, सरवरी अखाड़ा सहित आसपास की सभी घाटियों में बच्चों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों ने देवी-देवताओं के मंदिर में होली के त्योहार पर प्राचीन परंपराओं का निर्वहन किया। होली के अवसर पर स्थानीय लोगों ने दिनभर अपने आस पड़ोस, रिश्तेदारों व मित्रों के साथ उमंग व खुशियों का यह त्योहार धूमधाम से मनाया।

नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने बताया कि होली का त्योहार नई उमंग, नए उत्साह के मनाया जाता है। सभी लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर, सभी तरह के मनमुटाव भुलाकर, एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटते हैं और स्थानीय मेले और त्योहार एक-दूसरे के जीवन में उत्साह और खुशियां लाते हैं।

वहीं स्थानीय युवक विजय का कहना है कि हर साल वह होली के त्योहार का इंतजार करते हैं और रंगो के साथ आपसी भाईचारे की भावना के साथ त्योहार को मनाया जाता है।

साथ ही स्थानीय युवती शिवांगी ने बताया कि जिला कुल्लू में 2 दिन तक होली का त्योहार मनाया जाता है और इस साल भी दोस्तो के साथ मिलकर यह त्यौहार धूमधाम के साथ मनाया गया हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *