मनाली में भूखे-प्यासे हजारों पर्यटकों की जाम में गुजरी रात

मनाली में भूखे-प्यासे हजारों पर्यटकों की जाम में गुजरी रात

हिमाचल प्रदेश के मनाली में फंसे पर्यटक अब लौटने लगे है। लेकिन अपने गंतव्य को लौटते हुए भी पर्यटको को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल ब्यास नदी में आई बाढ़ के कारण फंसे पर्यटक अब मनाली से लौटने लगे हैं। प्रशासन ने कुल्लू-मनाली वामतट मार्ग को अरछंडी से रायसन पुल होकर बहाल कर दिया है। लेकिन रातभर पर्यटक भूखे-प्यासे गाड़ियों में फंसे रहे। कुल्लू पहुंचने में पर्यटकों को 10 से 12 घंटे का समय लग गया। रास्ते में बने ढाबों में मैगी आदि का इंतजाम कर पर्यटक आगे बढ़ते गए। यातायात बहाल होते ही हजारों पर्यटक मनाली से लौटने शुरू हो गए।

गौरतलब है कि भारी बारिश के कारण पुरे प्रदेश में हुई त्रासदी से कुल्लू- मनाली भी अछूता नहीं रहा। ब्यास नदी में आई बाढ़ में कई होटल, कई गाड़ियां पानी में समा गयी। जिसके बाद पर्यटकों में भी हड़बड़ी मच गयी है और पर्यटक वापिस घरों को लौटने शुरू हो गए। दो दिन में करीब 3,000 से अधिक वाहन मनाली से निकाले गए। हालांकि वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बेकाबू हो गई। सरसेई से रायसन के नए पुल तक के करीब 30 किलोमीटर के दायरे में जाम में फंसे वाहनों की लाइनें लग गईं। हालात ये थे कि दो घंटे के सफर को पूरा करने में 10 से 12 घंटे लग गए। मौसम खुलते ही प्रशासन ने जगतसुख और रायसन के नए पुल यातायात के लिए अस्थायी तौर पर खोल दिए हैं।

दोनों पुलों के आसपास मिट्टी और कंक्रीट डालकर वाहनों की आवाजाही शुरू की गई है। अरछंडी से वाहन रायसन पुल से राइटबैंक की ओर जा रहे हैं। लेकिन सड़क तंग होने के कारण यहां जाम की स्थिति बन गई। वामतट मार्ग पर भी जगह-जगह सड़क धंस गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *