Heroin worth Rs 70 lakh seized in Kangra
कांगड़ा ( KANGRA) हिमाचल प्रदेश में नशे का कारोबार लगातार गहराई तक फैलता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि अब बाहरी राज्यों के तस्कर भी इस अवैध धंधे में सक्रिय हो चुके हैं। चिंताजनक बात यह है कि इस जाल में अब युवाओं के साथ नाबालिग भी फंसते जा रहे हैं।
ताजा मामला कांगड़ा जिले से सामने आया है, जहां पुलिस ने एक पंजाबी युवक और नाबालिग को लाखों रुपये की चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बीती देर रात की है, जब पुलिस टीम गश्त पर थी।
रेन शेल्टर के पास पुलिस ने पंजाब नंबर की बाइक (PB08-EZ8530) को जांच के लिए रोका। पुलिस को देखकर बाइक सवार युवक और नाबालिग घबरा गए। शक होने पर जब पुलिस ने तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 101 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 70 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरविंदर सिंह (24), निवासी लुधियाना, पंजाब और नाबालिग निवासी हटली, चुवाड़ी, जिला चंबा के रूप में हुई है।
DSP अंकित शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्हें आज अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी यह खेप कहां से खरीदते थे और कहां सप्लाई करते थे। टीम आरोपियों के मोबाइल डेटा और पुराने रिकॉर्ड की जांच में जुटी है। खास बात यह है कि इस पूरे मामले में नाबालिग की संलिप्तता ने पुलिस को भी हैरान कर दिया है।
