ब्यास नदी पर बने पौंग बांध का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में बीबीएमबी द्वारा आज वीरवार के दिन भी सुबह से ही पौंग डैम से पानी छोड़ा जा रहा है। पौंग डैम से निरंतर पानी छोड़ने की वजह से इंदौरा का मंड क्षेत्र पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। इसको लेकर अब जिला प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम को भी स्टैंड बाय पर रखा है। क्योंकि पानी का बहाव तेज होने के कारण आज एनडीआरएफ के जवानों को भी लोगों को रेस्क्यू करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीँ आज वीरवार को एयरफोर्स के जवानों ने भी लोगों को एयरलिफ्ट नहीं किया। क्योंकि आज वीरवार को एयरफोर्स के जवानों के पास बाढ़ में फंसे लोगों की लोकेशन नहीं पहुंच पाई। जिस कारण आज एयरफोर्स के हैलीकॉप्टर पठानकोट एयरबेस पर ही खड़े रहे। वहीं बात अगर इंदौरा के मंड क्षेत्र में रह रहे लोगों की करे तो स्थानीय लोगों का साफ तौर पर कहना था कि इस बाढ़ के आने के कारण उनका लाखों रुपये के नुकसान के साथ-साथ इस बाढ़ में उनके पालतू पशु भी बह गए। हालांकि एयरफोर्स के जवानों ने समय रहते लोगों को तो बाढ़ के क्षेत्र से निकाल लिया। लेकिन उनके पालतू पशु उसी बाढ़ में फंसे रह गए।
वहीं इंदौरा के मंड क्षेत्र के स्थानीय निवासी मनमोहन सिंह ने कहा कि मंड क्षेत्र में रहने वाले सभी लोगों को बीबीएमबी द्वारा यह पहले ही बता दिया गया था कि 12 अगस्त से पौंग डैम से पानी छोड़ा जाएगा। लेकिन लोगों ने बीबीएमबी की इस चेतावनी को नजर अंदाज किया और इसी जगह पर बने रहे उन्होंने बताया कि जब पौंग बांध से पानी छोड़ने का सिलसिला शुरू हुआ तो अचानक से इंदौरा के मंड क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए।
