हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को विधायक दल का नेता चुना है। बीजेपी विधायक दल की रविवार को शिमला में बैठक हुई। इसमें जयराम ठाकुर के नाम का प्रस्ताव प्रदेश बीजेपी के पूर्व प्रभारी मंगल पांडे ने रखा। इसे सभी विधायकों ने स्वीकार किया।
अब जयराम ठाकुर अगले पांच साल तक BJP विधायक दल का नेता चुन लिए गए हैं। इसके बाद सदन में सरकार विधिवत रूप से जय राम को नेता प्रतिपक्ष का दर्जा देगी।
सरकार द्वारा नेता प्रतिपक्ष का दर्जा मिलते ही जयराम ठाकुर को कैबिनेट दर्जा मिल जाएगा। इन्हें अगले पांच साल तक सरकारी मकान, गाड़ी से लेकर वह सारी सुविधाएं मिलेगी, जो कैबिनेट मंत्री को मिलती है।
जयराम ठाकुर अब विपक्ष में रहते हुए अगले पांच साल तक सदन के भीतर व बाहर BJP विधायकों का नेतृत्व करेंगे। पूर्व सरकार में मुकेश अग्निहोत्री विधायक दल का नेता रहे हैं।
जयराम ठाकुर छठी बार विधायक के तौर पर चुनकर विधानसभा पहुंचे हैं। इससे पहले वह BJP के प्रदेशाध्यक्ष, दो बार कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। BJP ने उनकी वरिष्ठता और मंडी जिले में 10 में से 9 सीटें जीतने का इनाम दिया है। इसी तरह रिकार्ड मार्जिन से जीतने का रिकार्ड भी जयराम ठाकुर ने अपने नाम किया है।
मंगल पांडे ने बताया कि जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार में रहते हुए अच्छा कार्य किया और उनकी देखरेख में BJP कांग्रेस की नकारात्मक सरकार का सामना करेगी।
भाजपा विधायक दल की बैठक शिमला के विली पार्क में संपन्न हुई। इसमें शामिल होने के लिए दिल्ली से भाजपा के राष्ट्रीय नेता विनोद तावड़े पर्यवेक्षक के रुप में मौजूद रहें। उनके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन और मंगल पांडे भी मौजूद रहें।
